उत्तराखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 23 मार्च को लेंगे सीएम पद की शपथ, पीएम मोदी रहेंगे मौजूद
देहरादून । उत्तराखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 23 मार्च को दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय नेता उपस्थित रहेंगे। गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शपथ ग्रहण समारोह में आ सकते हैं। इसके लिए शासन स्तर से तैयारियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंच सकते हैं। बुधवार को उत्तराखंड की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इसके लिए मंगलवार को ट्रायल किया गया। जिसके लिए वायुसेना हेलीकॉप्टर परेड ग्राउंड पहुंचा।पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर संगठन ने पूरी तैयारी कर ली है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि समारोह में प्रदेश के सभी जिलों से कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। इसमें मंडल स्तर से लेकर शक्ति केंद्र के कर्यकर्ताओं को आमंत्रण भेजा गया है। जिलाध्यक्षों को आने वाले कार्यकर्ताओं की सूची देने को कहा गया है। शपथ ग्रहण में आने से पहले शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं के मंदिरों में लोककल्याण के लिए पूजन के भी कार्यक्रम तय किए गए हैं। प्रमुख समाज सेवी, साहित्यकार, लेखक, प्रबुद्ध वर्ग, धार्मिक मठ मंदिरों के साधु शपथ ग्रहण में शरीक हों यह भी सुनिश्चित किया जाएगा। विस्तारक और प्रवासी कार्यकर्ताओं को शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने की सूचना प्रदेश स्तर से दी जाएगी। जिलों में शपथ ग्रहण की सूचना जिलाध्यक्षों से ली जा सकेगी।


