धनौरी: वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी से भरे एक पिकअप गाड़ी को पकड़ा, पिकअप गाड़ी से शीशम के पेड़ की खेप बरामद
धनौरी । क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने सोमवार को अवैध लकड़ी से भरे एक पिकअप गाड़ी को पकड़ा है। इस पिकअप गाड़ी से शीशम के पेड़ की खेप बरामद की। सोमवार को वन कर्मियों को सूचना मिली थी कि तेलीवाला के रास्ते धनौरी की ओर आ रही एक पिकअप गाड़ी में अवैध लकड़ियां ले जाई जा रही हैं।
वन विभाग टीम को आता देख वाहन चालक गाड़ी को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन कर्मियों ने जब वाहन से तिरपाल हटाई तो शीशम की लकड़ी के 21 नग बरामद हुए। वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। रुड़की रेंजर विनय राठी ने बताया कि अवैध लकड़ी से भरी एक पिकअप गाड़ी को पकड़ा गया है। यह लकड़ी किसी खेत से काटी गई है, जिसकी जांच की जा रही है।

