बहादराबाद पुलिस ने 48 घंटे में किया ई रिक्शा चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार, आरोपियों का निकाला जा रहा आपराधिक इतिहास
बहादराबाद । दिल्ली में ई-रिक्शा चलाने वाले चालक ने शामली के एक दोस्त के साथ मिलकर हरिद्वार में दो ई रिक्शा चोरी कर लिए। बहादराबाद पुलिस ने 48 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त बाइक और ज्वालापुर और बहादराबाद से चुराए गए दो ई रिक्शा बरामद कर लिए हैं। आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी निकाला जा रहा है। चोरी के ई-रिक्शा खरीदने वाले को भी बहादराबाद पुलिस आरोपी बनाएगी। बुधवार को सीओ सदर बहादुर सिंह चौहान ने बहादराबाद थाने में मामले का खुलासा किया। कम समय में चोरी का खुलासा करने पर एसएसपी की तरफ से इनाम की घोषणा भी की गई है। हालांकि क्षेत्राधिकारी ने राशि का उल्लेख नहीं किया है। सीओ ने बताया कि दिनेश पाल पुत्र रामेश्वर प्रसाद निवासी बूडपुर चौहान थाना झबरेड़ा हाल ब्रह्मपुरी अपने ई-रिक्शा से बहादराबाद भेल तिराहे पर आया था। इस दौरान ई-रिक्शा खड़ाकर बच्चों के लिए फल लेने चला गया। वापस आया तो ई-रिक्शा गायब था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर कई संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए उठाया था। पूछताछ करने पर दो युवकों ने ई-रिक्शा चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रुड़की-हरिद्वार स्थित एक खंडर बिल्डिंग से ई-रिक्शा बरामद कर लिए। बहादराबाद थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी प्रवीण कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह दिल्ली में ई-रिक्शा चलाता था। दिल्ली पुलिस ने कुछ समय पहले उसके ई-रिक्शा को सीज कर दिया था। जिसके बाद दिल्ली के आसपास नरेला और पश्चिम दिल्ली में कई रिक्शा चोरी किए। लेकिन वह चोरी किए गए रिक्शा वहां नहीं चला पाया। उनकी बैटरियां निकालकर शामली में एक दुकान में सस्ते दामों पर बेच देता था। वहीं पर उसकी मुलाकात संदीप से हुई दोनों ने मिलकर हरिद्वार में ई-रक्शा चोरी करने का प्लान बनाया था। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि संदीप पुत्र वीरपाल निवासी प्रेम नगर ऐलमनाला थाना कांधला जिला शामली यूपी और प्रवीण कुमार पुत्र रणधीर सिंह निवासी स्वतंत्रता नगर थाना नरेला पश्चिम दिल्ली को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट से जेल भेज दिया है।



