शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया ईद-उल-अजहा, गाइडलाइन का पालन कर दी गई कुर्बानी
रुड़की । रुड़की में ईद-उल-अजहा शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। ईदगाह और मस्जिदों में सीमित संख्या में नमाजी पहुंचे। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रही। गाइडलाइन का पालन करते हुए कुर्बानी दी गई। इस बार कोरोना के कारण ईद-उल-अजहा को लेकर गाइड लाइन जारी की गई थी। ईदगाह और मस्जिदों में तय संख्या में ही नमाज पढ़ने की अनुमति दी गई थी। पुलिस ने विभिन्न जगहों पर बैठक कर लोगों से गाइड लाइन का पालन करने को कहा था।शनिवार को ईद-उल-अजहा कोरोना को लेकर जारी गाइड लाइन का पालन करते हुए मनाया गया। ईदगाह और मस्जिदों में तय संख्या में नमाज के लिए लोग पहुंचे। बाकी लोगों ने घरों में नमाज पढ़ी। इसके बाद कुर्बानी दी गई। सार्वजनिक जगहों पर पहले ही कुर्बानी पर रोक लगाई गई थी। पुलिस संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में गश्त करती रही। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजेश साह और इंस्पेक्टर गंगनहर मनोज मैनवाल टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखते रहे।





























