इमलीखेड़ा में प्रथम हरिद्वार जिला स्तरीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का आयोजन
इमलीखेड़ा । कौशिक पब्लिक स्कूल इमलीखेड़ा में प्रथम हरिद्वार जिला स्तरीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोमा सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा उत्तराखंड, ने रिबन काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान करने के साथ-साथ मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 10 टीमों तथा बालिका वर्ग की 6 टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में शेरपुर-खेलपुर क्लब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दून पब्लिक स्कूल रुड़की द्वितीय तथा स्नो व्हाइट पब्लिक स्कूल गुरुकुल नासन तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में कौशिक पब्लिक स्कूल इमलीखेड़ा ने प्रथम स्थान हासिल किया, दून पब्लिक स्कूल रुड़की ने द्वितीय तथा हरिओम सरस्वती स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि शूटिंग बॉल राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं उत्तराखंड के वरिष्ठ खिलाड़ी संजय चौधरी और योगी रोड, युवा भाजपा नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में कौशिक पब्लिक स्कूल रुड़की की डायरेक्टर कनिका कौशिक, प्रधानाचार्य अरुण कर्णवाल, हरिद्वार शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, रिशु , महासचिव शूटिंग बॉल एसोसिएशन हरिद्वार, तथा शूटिंग बॉल विश्व कप के रजत पदक विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हरिद्वार शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर हरिद्वार जिले से 12 बालक एवं 12 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय शूटिंग बॉल चयन कैंप में प्रतिभाग करेंगे, जहां उनके प्रदर्शन के आधार पर राज्य टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि रोमा सैनी ने कहा कि यदि क्षेत्र में लगातार इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहेंगी तो इससे कलियर विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे हरिद्वार जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में खेलों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने कहा कि शूटिंग बॉल खेल को गांव-गांव और स्कूल स्तर तक पहुंचाने के लिए भविष्य में भी लगातार प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे हरिद्वार जिले के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में शूटिंग बॉल विश्व कप के रजत पदक विजेता नवनीत कुमार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सैम अली, रेफरी आसिफ, कनिका सैनी, ऑर्गनाइजर रामवीर, मोनिश, उत्तराखंड सोशल मीडिया प्रभारी रिहान सहित अनेक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।






























