हरकी पैड़ी पर बर्थडे मनाकर हुड़दंग करने में पांच गिरफ्तार, ऑपरेशन मर्यादा के तहत की गई कार्रवाई, पुलिस ने शांतिभंग की धाराओं में किया गया चालान
हरिद्वार । ऑपरेशन मर्यादा के तहत हरकी पैड़ी पुलिस ने गंगा घाट पर केक काटकर बर्थडे पार्टी मनाते हुए हुड़दंग करने के आरोपी पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों के खिलाफ पुलिस ने शांतिभंग की धाराओं में चालान किया है। उधर 17 लोगों का गंगा घाट में गंदगी करने पर चालान किया गया है। शहर कोतवाल राजेश साह ने बताया कि शनिवार रात को कुछ युवक गंगा घाट पर केक काटकर बर्थडे मना रहे थे। कुछ देर में युवकों ने हुड़दंग शुरू कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम कमल पुत्र प्रेमचंद, संदीप पुत्र रामकुमार, दीपक पुत्र हरिराम, रूप पांडे पुत्र शैलेंद्र निवासीगण बल्लभगढ़ फरीदाबाद, हरियाणा और विकास पांडे पुत्र अजय पांडे निवासी शास्त्री नगर थाना ज्वालापुर हरिद्वार बताया। हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी ने बताया कि 17 लोगों का चालान घाट में गंदगी करने पर किया गया है।



