रातभर धरने पर बैठे पूर्व सीएम हरीश रावत, सुबह थाने में सामने किया योगाभ्यास, योग करते उनकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल
बहादराबाद । पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हरिद्वार में भाजपा के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। हरीश रावत ने मुकदमा वापस न लेने तक थाना परिसर में धरना देने की घोषणा की है। वहीं शनिवार की सुबह उन्होंने बहादराबाद थाना परिसर में योगाभ्यास किया। योग करते उनकी तस्वीरें अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में सफाई भी की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई बेहद जरूरी है, अगर विपक्ष ने यह लड़ाई नहीं लड़ी तो भाजपा सरकार पूरे विपक्ष को कपड़े में लपेट कर गंगा में बहा देगी। उन्होंने भाजपा सरकार के तानाशाही के विरोध में पूरे राज्य में आम जनता को साथ लेकर आंदोलन की बाच कही। बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा सरकार की ओर से धांधली का आरोप लगाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।इन्हें वापस लेने की मांग को लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपम रावत के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बहादराबाद थाना परिसर में बीते दो दिन से धरना दे रहे हैं। धरने के दूसरे दिन शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर पंचायत चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। धरने पर बैठे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शनिवार को सहयोगियों के साथ बहादराबाद थाना परिसर में फैली गंदगी को साफ किया। शुक्रवार को धरने पर बैठे किसानों के पशुओं को थाने में लाने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में नोकझोंक हुई थी। इसके बाद पशुओं को थाना परिसर में ही बांध दिया गया था।



