पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंजुम, सदस्य सत्तार नीलू और अमरोज निलंबित, निदेशक पंचायती राज उत्तराखंड के द्वारा जांच पूरी होने तक किए गए हैं निलंबित

हरिद्वार । जिला पंचायत की राजनीति में चल रही उठापटक के बीच चार सदस्यों को जोर का झटका लगा है। पंचायती राज निदेशक ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष समेत चार सदस्यों को निलंबित कर दिया है। सभी पर लगातार तीन से अधिक बोर्ड बैठक में गैर हाजिर रहने का आरोप है। हरिद्वार जिला पंचायत की राजनीति में लगातार उठापटक जारी है। एक जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ दो दिन पहले ही मुकदमा दर्ज हुआ है। इसी बीच विपक्ष के चार जिला पंचायत सदस्यों की सदस्यता की जांच पूरी होने तक निलंबित कर दी गई है। पंचायती राज निदेशक हरिचंद्र सेमवाल ने जारी आदेश में बताया कि जिला पंचायत सदस्य अंजुम, सत्तार अहमद, अमरोज के अलावा नीलू लगातार तीन से अधिक बोर्ड बैठक में उपस्थित नहीं हुई हैं। यह नियम के विरुद्ध है। इस संबंध में उनको 19 जून को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें चार जुलाई तक जवाब देने को कहा गया था। 7 जुलाई को उनकी ओर एक जवाब दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि जिला पंचायत बोर्ड बैठक के संबंध में उनको जानकारी नहीं दी जाती है। इस पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत की ओर से रिपोर्ट दी गई, जिसमें कहा गया कि प्रत्येक बोर्ड बैठक की सूचना प्रत्येक सदस्य को विधिवत दी गई है। इस संबंध में उन्होंने साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। इस पर निदेशक हरिचंद्र सेमवाल ने अंतिम जांच पूरी होने तक चारों की सदस्यता को निलंबित कर दिया है। बताते चलें कि अंजुम पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *