रुड़की चाउमंडी स्थित पतंजलि चिकित्सालय में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन
रुड़की । रुड़की चाउमंडी स्थित पतंजलि चिकित्सालय में रविवार को एक निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं योग चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ वेलनेस सेंटर से पधारे सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनुष्का गोयल, डॉ. अनुज कुमार एवं डॉ. गिरीश वर्मा ने शिविर में आए सैकड़ों रोगियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच कर परामर्श प्रदान किया। शिविर के दौरान मधुमेह (शुगर), उच्च रक्तचाप (बी.पी.) एवं शरीर की अन्य आवश्यक जाँचें भी पूर्णतः निःशुल्क की गईं, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली।
शिविर में विशेष रूप से मधुमेह, बी.पी., गठिया, श्वास रोग, हृदय दुर्बलता, माइग्रेन सहित अन्य दीर्घकालिक रोगों से पीड़ित मरीजों ने लाभ प्राप्त किया। चिकित्सकों द्वारा रोगियों को आयुर्वेदिक उपचार के साथ-साथ संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम एवं दिनचर्या सुधार के माध्यम से रोगों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
चिकित्सालय की संचालिका श्रीमती ज्योति सैनी ने पतंजलि योगपीठ एवं सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि—
“आज के समय में बदलती जीवनशैली के कारण अनेक गंभीर रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में पतंजलि द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।”
इस अवसर पर अंकित कुमार, गौरव कुमार, मधुलिका सैनी, नोया, अर्चना सेठ, अनीता यादव, जीत यादव, अंतिमा, संजय सैनी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।


