बोर्ड बैठक में राजनीति नहीं, विकास को दी गई प्राथमिकता, नगर निगम की संपत्ति की सुरक्षा से लेकर आम जन की सुविधा बढ़ाए जाने पर रहा जोर
रुड़की । आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई नगर निगम बोर्ड की बैठक में कुछ ऐसा लगा है कि महापौर अनीता अग्रवाल और पार्षदों ने राजनीति के बजाय विकास को तरजीह दी है। इसीलिए सभी ने इधर-उधर की बातें करने के बजाय विकास की रट ही लगाए रखी। यदि पूर्व के कुछ वर्षों में हुई बोर्ड की बैठकों पर गौर किया जाए तो आज की की बैठक वाकई ऐतिहासिक और नगर निगम क्षेत्र के विकास को रफ्तार देने वाली रही। एक नहीं अनेकों जनहित के मुद्दे उठाए गए तो नगर निगम की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई। जैसे की पार्षद राकेश गर्ग के द्वारा कहा गया कि नगर निगम की भूमि किसी संस्था या सरकारी विभाग देना उचित नहीं है। यह अपने आप में बहुत ही गंभीर विषय है क्योंकि पूर्व के वर्षों में जिस तरह से नगर निगम की संपत्ति का बंदरबांट हुआ। उससे नगर निगम को बहुत बड़ी हानि हुई है। यहां तक की नगर निगम को अपनी जमीनके स्वामित्व को लेकर मुकदमे लड़ने पड़ रहे हैं। आगे से ऐसा ना हो,आज इस विषय पर बोर्ड बैठक में वाकई ही संजीदगी से चर्चा हुई। चर्चा होनी भी चाहिए थी,क्योंकि नगर निगम की संपत्ति को खुर्दबुर्द करने का मतलब अपने नगर निगम को संकट में डालना यानी भूमिहीन करना है। एक मामला आदर्श नगर के प्रवेश द्वार पर संचालित प्राईवेट बस अड्डे के मार्ग को लेकर उठाया गया।
पार्षद सचिन कश्यप के द्वारा वाकई यह है जनहित और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा उठाया गया। क्योंकि जहां पर बस अड्डा संचालित हो रहा है। उसका पश्चिमी हिस्सा हाईवे पर है। इसीलिए बस अड्डे का गेट यदि हाईवे पर कर दिया जाए तो इससे आदर्श नगर के स्कूली बच्चों व नागरिकों की सारी दिक्कत स्वतः ही दूर हो जाएगी। जाम भी नहीं लगेगा और दुर्घटना की आशंका भी नहीं रहेगी। इसके अलावा भी कई जनहित के मुद्दे उठाए गए। जिसमें पार्षद राजन गोयल ने अवैध अतिक्रमण का विषय प्रमुखता से उठाया।
इस बैठक में सभी 40 पार्षदों ने एकजुट होकर नगर के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया। महापौर के कुशल नेतृत्व और अच्छी संवादात्मक शैली की सराहना करते हुए सभी पार्षदों ने विकास योजनाओं पर पूर्ण समर्थन जताया। बैठक में रुड़की के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, सड़क निर्माण, जल निकासी, एवं सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
नगर निगम की इस बैठक को ऐतिहासिक बताया जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद पूरे बोर्ड ने एकमत होकर नगर के हित में कार्य करने का संकल्प लिया है। दरअसल,पार्षद इस बात को अच्छी तरह समझ गए हैं कि वह अपने-अपने वार्ड का विकास कराने के लिए चुने गए हैं, इसीलिए राजनीति बाद में होती रहेगी, अब विकास को ही बढ़ावा दिया जाए। सभी पार्षदों की आज ऐसी ही विकास शैली देखने को मिली। महापौर अनीता अग्रवाल ने कहा कि “रुड़की के विकास के लिए सभी पार्षदों का एक मंच पर आना यह साबित करता है कि जब उद्देश्य जनता का कल्याण हो, तो राजनीतिक मतभेद गौण हो जाते हैं।”महापौर ने पार्षदों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस एकजुटता से रुड़की में विकास की नई गति आएगी और जनता को शीघ्र ही इसका लाभ मिलेगा।

