पुलिस और एसटीएफ के हत्थे चढ़े गैंगस्टर कलीम के शूटर, देहरादून एवं हरिद्वार में कारोबारियों की हत्या की रची जा रही थी साजिश

हरिद्वार । देहरादून और हरिद्वार में कारोबारियों को निशाना बनाने से पूर्व एसटीएफ एवं बहादराबाद पुलिस के हत्थे चढ़े गैंगस्टर कलीम के गुर्गों को मंगलवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसएसपी डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने कलीम गैंग के सभी गुर्गों को चिन्हित करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए है। सोमवार को अल्मोड़ा जेल में हुई एसटीएफ की रेड के बाद एसटीएफ एवं बहादराबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र से चार युवक दबोचे थे, जिनके कब्जे से असलहे बरामद किए गए थे।सामने आया था कि अल्मोड़ा जेल में कैद मंगलौर निवासी गैंगस्टर कलीम के इशारे पर देहरादून एवं हरिद्वार में कारोबारियों की हत्या की साजिश रची जा रही थी और कलीम ने बिहार से दो शूटर भी बुला लिए थे। शूटरों की मदद उसके दो स्थानीय गुर्गें कर रहे थे। देर रात ही एसटीएफ एवं बहादराबाद पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों ने पूरा घटनाक्रम कबूला था। सामने आया था कि उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि किस कारोबारी को निशाना बनाना है, अभी वह कलीम से संपर्क होने का इंतजार कर हे थे। एसओ बहादराबाद प्रवेज अली ने बताया कि आरोपियों के नाम सद्दाम पुत्र सलीम निवासी कासमपुर थाना पथरी, नदीम पुत्र नसीम निवासी मोहल्ला किला कोतवाली मंगलौर, अक्षय पुत्र त्रिलोकी सिंह और साहेब कुमार पुत्र लाल बाबु यादव निवासीगण बहुरवा थाना मझोलिया जिला बेतिया पश्चिमी चम्पारन बिहार है। स्थानीय युवक कलीम से जुड़े हैं और बिहार के युवक शूटर हैं। आरोपियों के कब्जे से तीन देसी तमंचे, छह जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, पंद्रह हजार रुपये, एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *