घर में सभी बच्चों को समान प्यार दें: डॉ सविता मोहन, चमन लाल महाविद्यालय और राजकीय डिग्री कॉलेज की ओर से आयोजित किया गया अंतरराष्ट्रीय वेबीनार

रुड़की । उच्च शिक्षा की पूर्व निदेशक डॉ सविता मोहन ने कहा कि देश में महिलाओं की समस्या के समाधान के लिए जितने भी संगठन बने हैं उनका नेतृत्व पुरुषों की ओर से किया जा रहा है। इसका परिणाम यह होता है कि इनमें धीरे-धीरे राजनीतिक दखल होने लगता है। डॉ. सविता मोहन चमन लाल महाविद्यालय लंढौरा और राजकीय डिग्री कॉलेज घाट चमोली की ओर से महिला सशक्तिकरण विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय वेबीनार को संबोधित कर रही थी। इससे पहले कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजन सचिव एवं चमन लाल महाविद्यालय की उप प्राचार्य डॉ. दीपा अग्रवाल ने वक्ताओं का परिचय कराया। दिल्ली विश्वविद्यालय के मीरांडा हाउस कॉलेज की प्राचार्य डॉ बिजया लक्ष्मी नन्दा ने कहा कि नारा दिया जाता है कि महिला और पुरुष दोनों बराबर हैं लेकिन जब घरेलू कार्य की बात बारी आती है तो वह केवल महिलाओं के हिस्से में आता है। अगर महिला और पुरुष बराबर है तो घर के काम में भी पुरुषों को बराबर की हिस्सेदारी निभानी चाहिए।इस पर भी पुरुषों को एक समझ विकसित करनी होगी। महिला और पुरुष का अंतर समाप्त करना है तो सबसे पहले इसे अपने परिवार से शुरू करना होगा। लड़का और लड़की का अंतर खत्म करने के लिए इसे अपने घर से ही शुरू करें। घर में सभी बच्चों को समान प्यार दें। साउथ अमेरिका की टैक्सीला यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ मेहनाज नाज़मी ने कहा कि समाज में कहा जाता है कि हम अपनी लड़की को लड़के की तरह प्यार करते हैं।इसमें ही विरोधाभास साफ झलकता है। लड़की को लड़के की तरह प्यार क्यों किया जाता है। लड़की को लड़की की तरह प्यार क्यों नहीं किया जाता। इसका मतलब है कि हम कहीं ना कहीं भेदभाव कर रहे होते हैं। महिला को घर से बाहर निकलते हुए डराया जाता है। लड़की और लड़के के बीच भेदभाव की जो प्रक्रिया घर से शुरू होती है वह उसके ऑफिस तक भी चलती है। जब भी ऑफिस में उसे प्रमोशन मिलता है तो उसे अलग ही निगाह से देखा जाता है। लड़की को कह दिया जाता है कि वह बॉस के बहुत करीब है। यहां पर करीब शब्द का अर्थ बहुत ही गलत होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए अनेक कानून बनाए गए हैं। लेकिन हमें उन कानूनों का इस्तेमाल ही नहीं करने दिया जाता। दिल्ली विश्वविद्यालय के कालिंदी कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ अनीता टैगोर ने कहा कि कोरोना महामारी के इस काल में बहुत सारे पुरुषों को यह पता चल गया होगा कि महिलाएं घर में किस तरह काम करती हैं।महिलाओं के काम को हल्के में ले जाता था लेकिन इस दौरान पुरुषों को ज्ञात हुआ होगा कि महिलाएं घर और घर से बाहर किस तरह से कठिन परिस्थितियों में काम करती है और बच्चों की जिम्मेदारी को भी बखूबी निभाती हैं। चमन लाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने कहा कि महामारी के काल में अनेक लोग बेरोजगार हुए हैं। ऐसी स्थिति में भी महिलाओं के ऊपर विशेष जिम्मेदारी आ गई है। प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ रामकुमार शर्मा, सचिव अरुण हरित और कोषाध्यक्ष अतुल हरित ने वेबीनार की सफलता के लिए आयोजकों को बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपा अग्रवाल ने किया।राजकीय डिग्री कॉलेज घाट चमोली की असिस्टेंट प्रोफेसर एवं संयोजक डॉ मोमिता शर्मा ने प्रतिभागियों का आभार जताया। तकनीकी विशेषज्ञ के तौर पर विपिन चौधरी और शुभम धीमान ने सहयोग दिया।
वेबीनार में राजकीय डिग्री कॉलेज घाट के प्राचार्य डॉ के एन बरमोला, डॉ राखी उपाध्याय, डॉ मुकेश गुप्ता, ललित मिगलानी, डॉ सुभाष अग्रवाल,डॉ सूर्यकांत शर्मा, डॉ अपर्णा शर्मा, डॉ नवीन त्यागी,हरीश गुरुरानी आदि ने भी प्रतिभाग किया।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *