हरिद्वार: आगामी मानसून के दृष्टिगत सभी अधिकारी समयबद्ध ढंग से तैयारियां एवं व्यवस्थाएं पूर्ण करें: डीएम मयूर दीक्षित
हरिद्वार। आगामी मानसून के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि मानसून से पूर्व अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा पीएमजीएसवाई सहित संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में नालों, नालियों एवं कलमठों की समुचित सफाई समय रहते सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में जर्जर अवस्था वाले विद्यालय भवनों का तत्काल चिन्हांकन कराया जाए तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे भवनों में किसी भी दशा में पठन-पाठन का संचालन न किया जाए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि संभावित आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों के मद्देनजर आवश्यक खाद्य सामग्री के पैकेट अग्रिम रूप से तैयार रखे जाएं। वहीं सिंचाई विभाग को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक सुरक्षात्मक एवं प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मानसून अवधि के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा आपदा की सूचना प्राप्त होने पर सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें,ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।
इस दौरान बैठक मे अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार,अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता,परियोजना निर्देशक नलिनीत घिल्डियाल,जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा०शि०) अमित कुमार चन्द,उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ,अधिशासी अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, लोनिवि अधिशासी अभियंता योगेश कुमार,अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान, जिला जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


