हरिद्वार पुलिस का वायरल वीडियो पर एक्शन, युवक से मारपीट करने वाले दो आरोपी दबोचे, पार्किंग मालिक पर भी गिरी गाज, सत्यापन न कराने पर पुलिस एक्ट में चालान
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रोड़ीबेलवाला क्षेत्र की एक पार्किंग का बताया जा रहा है, जहां एक युवक के हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने की कार्रवाई की है। साथ ही कर्मचारियों का सत्यापन न कराने पर पार्किंग संचालक के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया है। बीते बुधवार को तीन जून को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ लोग एक युवक के हाथ बांधकर मारपीट करते दिखाई दिए।
वीडियो सामने आते ही कोतवाली नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मारपीट की घटना में शामिल दोनों आरोपी रोड़ीबेलवाला स्थित एक पार्किंग में कार्यरत हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नूतन पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी ग्राम बिलाई, थाना हलदौर, जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश तथा रोबिन पुत्र संजय कुमार निवासी ग्राम मुडदाना, थाना मंगलौर जिला हरिद्वार को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पार्किंग संचालक ने दोनों कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस पर संचालक के खिलाफ भी पुलिस ऐक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संदीप वर्मा, कांस्टेबल प्रकाश और कांस्टेबल लखन सिंह शामिल रहे।

