मुंबई इंडियंस की फैन फॉलोइंग में भारी गिरावट, रोहित के कप्तानी से हटते ही लाखों फैंस ने किया अनफॉलो

 

मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को बड़ा एलान करते हुए रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को आईपीएल 2024 के लिए कप्तान नियुक्त किया। मुंबई फ्रेंचाइजी की फैन फॉलोइंग दुनियाभर में काफी ज्यादा है। इसकी वजह कभी सचिन तेंदुलकर रहे थे और उसके बाद जिस तरह से रोहित शर्मा ने इस फ्रेंचाइजी को संभाला और पांच बार चैंपियन बनाया, इस टीम ने दुनिया भर के लोगों का दिल जीता। हालांकि, शुक्रवार को अचानक से लिए गए फैसले से फैंस पूरी तरह से निराश हो गए हैं। इससे रोहित शर्मा के 10 साल लंबे कार्यकाल का अंत हो गया।

कुछ ने तो सोशल मीडिया पर मुंबई इंडियंस के इस फैसले की कड़ी आलोचना की है और अपनी नाराजगी व्यक्त की। दुबई में मिनी-ऑक्शन से ठीक चार दिन पहले कुछ फैंस को मुंबई इंडियंस की जर्सी और कैप जलाते हुए देखा गया, जिसके वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गए। फैंस की कड़ी प्रतिक्रिया के बीच मुंबई इंडियंस को सोशल-मीडिया पर भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। लाखों लोगों ने इस फ्रेंचाइजी के पेज को अनफॉलो कर झटका दिया है। मुंबई इंडियंस हर एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली फ्रेंचाइजी में से एक है। वह केवल चेन्नई सुपर किंग्स से पीछे है। शुक्रवार को बड़े खुलासे से कुछ घंटे पहले तक MI के एक्स पर 8.6 मिलियन फॉलोअर्स थे, जो कि अब घटकर 8.2 हो गए। पांच बार के चैंपियन ने चार लाख फॉलोअर्स खो दिए। इतना ही नहीं मुंबई इंडियंस ने इंस्टाग्राम पर लगभग छह लाख फॉलोअर्स को खो दिया। अभी इस फ्रेंचाइजी के इंस्टाग्राम पर 12.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। रोहित 2013 से मुंबई इंडियंस के कप्तान थे। तब सीजन के बीच में ही रिकी पोंटिंग ने कप्तानी छोड़ी थी। रोहित के बीच सीजन कमान संभालते ही मुंबई इंडियंस ने फाइनल में चेन्नई को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। इसके बाद टीम ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मुंबई ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी आईपीएल जीता था। अपने कार्यकाल के दौरान रोहित ने फ्रेंचाइजी को 158 आईपीएल मैचों में 87 जीत दिलाई, जो कि इस समय सीमा में किसी भी कप्तान द्वारा सबसे अधिक है। धोनी 82 जीत के साथ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *