मूर्ति स्थापना से पूर्व कलालहटी गांव में निकाली गई कलश यात्रा, शनिवार को की जाएगी मूर्ति स्थापित, होगा विशाल भंडारा
भगवानपुर । कलालहटी गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मूर्ति स्थापना को लेकर कलश यात्रा निकाली गई। आचार्य पंडित मुकेश नौडियाल ने बताया कि इस मंदिर में मां दुर्गा, मां संतोषी व भगवान नारायण लक्ष्मी की मूर्ति स्थापित की जा रही है। कलश यात्रा शिव मंदिर से प्रारम्भ होकर पूरे गाँव की परिक्रमा की गई । उन्होंने सिर पर कलश लेकर पूर्ण गांव की परिक्रमा की । कलश यात्रा में 51 महिलाओं ने यात्रा में शिरकत की।
कलशयात्रा से पूर्व सुबह में आचार्य पंडित मुकेश नौडियाल और उनके साथियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अनुष्ठान किया गया। प्रतिमा को गंगाजल, अन्न आदि से सराबोर करने के बाद उनकी विधि विधान से पूजा की गई।
आचार्य पंडित मुकेश नौडियाल ने कहा कि मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा अर्पित करने के लिए विधि विधान जरूरी है। बगैर प्राण प्रतिष्ठा के भगवान की प्रतिमा की पूजा संभव नहीं होती है। कलश यात्रा के गंगा जल से शनिवार को मूर्ति को स्नान कराया जाएगा। यजमान द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण से उसकी पूजा की जाएगी। विभिन्न मंत्रों से पूजा करने पर उनमें शक्ति का संचार होगा। फिर लोगों द्वारा मूर्ति की पूजा सामान्य रूप से की जाएगी। कहा कि सनातन धर्म में मूर्ति को जीवंत बनाने के लिए पहले उनमें शक्ति की प्रतिष्ठापना होती है। अनुष्ठान के जरिए मूर्ति को शाक्तिमान बनाया जाता है।

