उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले समेत आठ नगर निगमों के संपूर्ण क्षेत्रों में 10 मई तक बढ़ा कोविड कर्फ्यू, कोविड संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने पूर्ण तालाबंदी की बजाय मिनी लॉकडाउन पर भरोसा जताया

देहरादून । कोविड संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने पूर्ण तालाबंदी की बजाय मिनी लॉकडाउन पर भरोसा जताया है। मंत्रियों से बातचीत के बाद सरकार ने संपूर्ण देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में कोविड कर्फ्यू का फैसला किया है। जरूरी चीजों की दुकानें भी सिर्फ दोपहर 12 बजे तक ही खुलेंगी और राशन की दुकानें एक दिन छोड़कर खुलेंगी। फिलहाल चार दिन तक इस कोविड कर्फ्यू को लागू करने का फैसला किया गया है। प्रदेश सरकार की और से छह मई की सुबह पांच बजे तक के लिए चुनिंदा क्षेत्रों में कोविड कर्फ्यू लगाया गया था। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और मंत्रियों की बातचीत में लॉकडाउन से परहेज किया गया, लेकिन तय किया गया कि कोविड कर्फ्यू को और अधिक विस्तार दिया जाए और मानक सख्त किए जाएं। शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि अब देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के संपूर्ण जिला क्षेत्र में कोविड कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही आठों नगर निगम क्षेत्रों में भी कोविड कर्फ्यू रहेगा। अन्य जिलों में स्थिति के अनुसार फैसला किया जाएगा। ऋषिकेश में ढालवाला सहित अन्य क्षेत्रों में भी कर्फ्यू रहेगा। वहीं, वन मंत्री हरक सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के नाम से ही लोगों में डर है। ऐसे में लॉकडाउन शब्द से परहेज करने का फैसला किया गया। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मानक और सख्त करने का फैसला किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *