नवजात बच्ची को मैदान में छोड़ा, राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने बच्ची को तुरंत इलाज के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय में भिजवाया

हरिद्वार । भेल स्थित खाली मैदान में किसी ने एक नवजात बच्ची को छोड़ दिया। नवजात को मैदान में पड़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को तुरंत इलाज के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय में भिजवाया। बच्ची को ​आईसीयू में भर्ती कर लिया गया। वहीं पुलिस ने बच्ची के बारे में कोई जानकारी न मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे भेल सेक्टर एक स्थित एचआरडीसी चौक के समीप खाली पड़े मैदान में एक नवजात बच्ची पड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्ची को वहां से उठाया। बच्ची के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस नवजात को तत्काल जिला महिला अस्पताल में चिकित्सालय लेकर गई। बच्ची की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने आईसीयू में भर्ती कर लिया। नवजात बच्ची का पांच से छह घंटे पहले ही जन्म हुआ है। कोतवाली प्रभारी योगेश सिंह देव ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची को फेंकने वालों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *