परिवर्तन यात्रा की सफलता के लिए कांग्रेसियों ने की बैठक, 19 सितंबर को रुड़की पहुंचेगी परिवर्तन यात्रा
रुड़की । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा चलाई जा रही परिवर्तन यात्रा के दूसरे चरण में यात्रा 18, 19 व 20 सितंबर को जनपद हरिद्वार की सभी ग्यारह विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। प्रत्येक विधानसभा में उपस्थित सभी मतदाताओं एवं आमजन से भाजपा हटाओ, कांग्रेस लाओ के परिवर्तन की मांग को जोर-शोर से उठाया जाएगा। इसी संदर्भ में 19 सितंबर को परिवर्तन यात्रा के रुड़की विधानसभा 31 में प्रवेश एवं कार्यक्रम के आयोजन के स्थान को लेकर रुड़की महानगर कांग्रेस कमेटी की एक बैठक का आयोजन होटल सिद्धार्थ में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलीम खान एवं संचालन जगदेव सिंह सेखों ने किया। कार्यक्रम में कांग्रेस महानगर रुड़की के समस्त जिम्मेदार वरिष्ठ नेताओं व कांग्रेसजनो से परिवर्तन यात्रा को सफल बनाने के लिए विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम में बोलते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा कांग्रेसजनों एवं आमजनों की भागीदारी का होना आवश्यक है। इसके लिए हमें जनता के बीच जाकर परिवर्तन यात्रा को सफल बनाने के लिए आमंत्रित करना है। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ महासचिव हाजी नौशाद ने कहा कि परिवर्तन यात्रा रुड़की विधानसभा में ग्राम शेरपुर से प्रवेश करेगी जहां हम समस्त कांग्रेसजनों को यात्रा में शामिल होना है और यात्रा सिविलयन बाजार से होते हुए निर्धारित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी।हम सभी को तख्ती पर भाजपा के कारनामों को लिखकर व पूरे जोशो खरोश के साथ भाजपा के देश एवं प्रदेश की सरकार से परेशान आमजनों को अपने साथ लेकर परिवर्तन की मांग करना है।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमेंद्र चौधरी ने कहा कि आज जनता पूरी तरह से जान चुकी है कि भाजपा का दोहरा चेहरा कैसा है। चारों ओर से महंगाई की मार झेल रही जनता भाजपा से परेशान है। इसलिए इस परिवर्तन यात्रा में आमजन पूरी तरह सहयोग देगा एवं परिवर्तन यात्रा का रूडकी विधानसभा में सफल आयोजन होगा। कार्यक्रम के अध्यक्षीये संबोधन में महानगर अध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि परिवर्तन यात्रा शेरपुर से प्रारंभ होकर सिविल लाइन बाजार से होती हुई बीटी गंज व बी एस एम इंटर कॉलेज इनमें से किसी भी स्थान को चिन्हित कर संपन्न होगी। रुड़की कांग्रेस के सभी सम्मानित कांग्रेस जनों का पूरा सहयोग इस परिवर्तन यात्रा मे जी जान से होगा। रुड़की विधानसभा में होने वाली परिवर्तन यात्रा ऐतिहासिक होगी।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव जगदेव सिंह सेखों ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीपाल चौहान को जनपद हरिद्वार की 11 विधानसभाओं में होने वाली परिवर्तन यात्रा की सभी विधानसभाओं के लिए पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। जिनके दिशा निर्देश पर आज कांग्रेस के रुड़की विधानसभा 31 के सभी नेताओं कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से सचिन गुप्ता,भूषण त्यागी, कमलेश कुमार, उमेद गाजी, जगदेव सिंह सेखों, पंकज सोनकर, सुशील कश्यप, सुभाष कश्यप, मोहम्मद नासिर, हेमेंद्र चौधरी, मोहम्मद अतिर, रईस अहमद, मकसूद हसन, लवि त्यागी, सुधीर कुमार आदि उपस्थित रहे।



