केंद्र सरकार की नीतियों से परेशान पंजाब की जनता ने किया भाजपा का सूपड़ा साफ, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष रश्मि चौधरी बोलीं, किसानों की मांगे पूरी करने के बजाए सरकार उन्हें पढ़ा रही हैं कृषि कानून के पाठ
रुड़की । महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं रुड़की विधानसभा से प्रबल दावेदार रश्मि चौधरी ने पंजाब निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत पर हर्ष जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों का असर साफ दिखाई देने लगा है। निकाय चुनाव में पंजाब की जनता ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थो के दामों में लगातार हो रही बेतहाश बढ़ोतरी से आमजन परेशान है। लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग अपने परिवारों का भरण पोषण करने में भी कठिनाईयों से जूझ रहा है।महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता में आए प्रधानमंत्री जनता की उम्मीदों को पूरा करने के बजाए पूंजीपतियों के हित साधने में लगे हुए हैं। जबरदस्ती थोपे जा रहे कृषि कानूनों के विरोध में देश का किसान आंदोलन कर रहा है। किसानों की मांगे पूरी करने के बजाए सरकार उन्हें कृषि कानून के पाठ पढ़ा रही है। रश्मि चौधरी ने पंजाब के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब निकाय चुनाव में वहां की जनता ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का कड़ा प्रतिवाद करते हुए भाजपा का पूरी तरह से सफाया कर पूरे देश को संदेश दिया है। कांग्रेस पार्टी ही देश का विकास कर सकती है। भाजपा मात्र लोगों से झूठे वादे कर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की भाजपा सरकार भी पूरी तरह विफल साबित हुई है। विकास की दौड़ में प्रदेश बेहद पीछे चला गया है। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। रोजगार की तलाश में युवा वर्ग पलायन करने को मजबूर है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में निश्चित तौर पर कांग्रेस भारी जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी।

