स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार, महिला समेत दो गिरफ्तार, स्पा का मालिक फरार

काशीपुर। स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा करते हुए पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई आसाम की एक युवती की शिकायत पर की। स्पा का मालिक फरार बताया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बाजपुर रोड स्थित एक माल में दिल्ली निवासी महिला सीमा विश्वकर्मा और उसका पुुरुष मित्र इशाक उर्फ डेविड काम करता है। स्पा मालिक का रुद्रपुर में एक और स्पा है, जो अनैतिक कृत्यों को अंजाम देने के आरोप में बंद कराया जा चुका है। यहां काम करने वाली सपना ने 12 दिन पहले आसाम की एक युवती को नौकरी का झांसा देकर बुलाया था। सपना इस युवती के सौतेले भाई की पत्नी बताई गई है। आरोप है कि दोनों इस युवती पर देह व्यापार के लिए दबाव डाल रहे थे। बृहस्पतिवार शाम डेविड और सपना ने युवती को किसी के साथ जाने के लिए कहा। इंकार करने पर डेविड ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। युवती चीखते हुए स्पा से बाहर आई और उसे रोता बिलखता देख मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को छुड़ाया और दो लोगों को हिरासत में लिया। स्पा मालिक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सीओ एपी कोंडे ने बताया कि हिंदी, अंग्रेजी नहीं आने की वजह से पीड़िता की बात समझ में नहीं आने पर असम पुलिस से उसकी बात कराई गई। असम पुलिस ने युवती की आपबीती बताई तो स्पा मालिक, सपना और डेविड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ कोंडे ने बताया कि आसाम पुलिस की मदद से पीड़िता का पता पूछ लिया गया है उसे घर भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों ने बताया कि मसाज पार्लर की आड़ में वह लड़कियां सप्लाई करने का धंधा कर रहे थे। यह मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसा प्रतीत होता है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य लोगों की धरपकड़ के प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *