आबकारी विभाग ने छापेमारी कर हजार किलो लाहन नष्ट करते हुए कच्ची शराब बरामद की, लक्सर के गंगा किनारे खेतों में मारा छापा
हरिद्वार । पथरी शराब कांड के बाद कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान जारी है। सोमवार को लक्सर एवं हरिद्वार में आबकारी विभाग ने जगह जगह अभियान चलाकर कई हजार किलो लाहन नष्ट करते हुए कच्ची शराब बरामद की है। जिला आबकारी अधिकारी प्रभाशंकर मिश्रा की अगुवाई में सोमवार को अभियान चलाया गया। आबकारी टीम ने लक्सर के गंगा किनारे खेतों में छापा मारा, जहां से कई हजार किलो लाहन बरामद हुआ। कच्ची शराब की भट्ठियां धधक रही थीं। आबकारी टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार होने में कामयाब रही। मौके से कच्ची शराब भी बरामद हुई। टीम ने लाहन नष्ट करते हुए शराब को कब्जे में ले लिया। वहीं दूसरी तरफ हरिद्वार सर्किल में निरीक्षक संजय रावत ने अपनी टीम के साथ रायपुर डरेडा में छापा मारा। भट्ठियां नष्ट करते हुए टीम ने मौके से सौ लीटर कच्ची शराब बरामद करते हुए दस हजार किलो लाहन नष्ट कर दिया। आबकारी अधिकारी प्रभाशंकर मिश्रा ने बताया कि शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

