रुड़की: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खंजरपुर में डेयरी पर की छापेमारी, करीब एक कुंतल पनीर मिला, टीम ने पनीर का दो सैंपल लेकर जांच को भेज दिए

रुड़की ।  खंजरपुर क्षेत्र में प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने एक डेरी में संचालित पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई पनीर निर्माण से जुड़ी सूचना मिलने के बाद की गई। छापेमारी के दौरान मौके पर लगभग एक कुंतल के आसपास निर्मित पनीर डीप फ्रीजर में रखा हुआ पाया गया।

डेरी संचालक साजिद अली पुत्र इरफान अली ने टीम को बताया कि वह शुद्ध दूध से ही पनीर का निर्माण करता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मौके पर गहन जांच की गई, जिसमें किसी भी प्रकार का संदिग्ध पदार्थ जैसे रिफाइंड या स्किम्ड मिल्क नहीं पाया गया। इसके बावजूद नियमानुसार पनीर के दो सैंपल लेकर उन्हें राज्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई का नेतृत्व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय (रुड़की) ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार (भगवानपुर) के साथ प्रशासन की ओर से पटवारी संजय कुमार चौहान, चन्द्र मोहन सिंह तथा पुलिस विभाग से एसआई विकास त्यागी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *