शहीद अनंत कुकरेती की स्मृति में बनाया जाएगा शहीद द्वार, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणा
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जोगीवाला स्थित गंगोत्री विहार में नौसेना के शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती के परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत आत्मा के शांति की कामना की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद और मेयर सुनील उनियाल गामा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वर्गीय अनंत कुकरेती की स्मृति में शहीद द्वार बनाया जाएगा। त्रिशूल चोटी आरोहण के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती की मौत हो गई थी। अनंत के पिता जगदीश प्रसाद कुकरेती वन विभाग में रेंज अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका परिवार मूलरूप से गांव जौरासी पट्टी दुगड्डा ब्लाक पौड़ी के रहने वाला है।

