बदरीनाथ में बारिश के बाद तड़के ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी, अब कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी
यमुनोत्री हाईवे कल्याणी के पास भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया, गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारू

देहरादून । बदरीनाथ में बारिश के बाद शुक्रवार तड़के ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। यहां नीलकंठ, उर्वशी, नर-नारायण और माणा पर्वत चोटियों पर बर्फबारी हुई है। जिससे बदरीनाथ में अब कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। बदरीनाथ हाईवे मलबा आने से सेलंग और जोशीमठ के बीच में बंद हो गया था। जिसे बाद में खोल दिया गया। उत्तरकाशी जिले में बारिश का सिलसिला जारी है। यमुनोत्री हाईवे कल्याणी के पास भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया है और गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारू है। वहीं नौगांव-पौंटी-राजगढी मोटर मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने और भू-धंसाव के कारण सड़क गुरुवार रात से बंद है। भारी बारिश से मलबा आने से दूरस्थ गांव सुतोल को यातायात से जोड़ने वाली घाट-सुतोल सड़क पांच दिनों से बंद पड़ी है। सड़क बंद होने से सुतोल, तातड़ा, सुगढ़ सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण दस से 15 किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर रहे हैं।19 सितंबर को घाट क्षेत्र में हुई बारिश से सुतोल सड़क पेरी पुल, पंजातोंखा और उफ्ठर बैंड में भूस्खलन होने से बंद हो गई थी, जिसे अभी तक खोला नहीं गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी जब सड़क नहीं खुली तो गुरुवार को ग्रामीणों ने स्वयं ही सड़क पर फैले मलबे को हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों को कामयाबी नहीं मिली है। ग्रामीण हिम्मत सिंह, मेहरबान सिंह, बादल सिंह, कमल सिंह, ताजवर सिंह और रघुवीर का कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कहने के बावजूद सड़क की दशा नहीं सुधारी जा रही है। सड़क भूस्खलन से कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों से शीघ्र सड़क खोलने की मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *