पहाड़ों पर देर रात से हो रही बर्फबारी, मसूरी, धनोल्टी और चकराता में बर्फबारी देख पर्यटकों के खिले चेहरे, पड़ रही कड़ाके की ठंड

देहरादून । उत्तराखंड में शनिवार रातभर मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होती रही। जिसके बाद अब कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी देहरादून सहित राज्यभर में रविवार को भी मौसम खराब बना हुआ है। चकराता, मसूरी, धनोल्टी, औली सहित लगभग सभी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। रविवार सुबह कुछ देर जब बादल हटे तो देहरादून से बर्फ से ढकी वादियों का नजारा साफ दिखा, लेकिन फिर से बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। नैनीताल की ऊंची चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ सहित अन्य जिलों में ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से ढके हुए हैं। केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री व गंगोत्री में भी बर्फबारी हुई है। नई टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली व आसपास के क्षेत्रों में रात भर से बारिश हो रही है। बर्फबारी से यमुनोत्री हाईवे शनिवार देर रात से कई जगह पर बंद हो गया है। हाईवे फूलचट्टी और राडी टाॅप में बंद हो गया है। मार्ग खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। बारिश-बर्फबारी से रवांई घाटी का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है। गीठ पटटी के बारह गांवों का भी तहसील मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है। राजधानी दून और आसपास के इलाकों में शनिवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होने के बाद रविवार को यह दौर जारी रहा। बादल छाये रहने, बारिश होने और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मौसम में ठंडक काफी अधिक बढ़ गई है। मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर पहाड़ी इलाकों में रविवार को भी बर्फ गिरने का अनुमान है। इसका असर पूरे प्रदेश के मौसम पर दिखेगा।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *