नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में चलाया जाएगा विशेष सफाई अभियान, अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा त्योहारी सीजन में कहीं मांस आदि की बिक्री न हो इसके लिए रोजाना होगी जांच
शिवालिक नगर । गुरुवार से प्रारंभ हो रहे नवरात्र तथा पर्वों के अवसर पर नगर पालिका शिवालिक नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर पालिका कार्यालय में त्योहारों की व्यवस्था के दृष्टिगत समीक्षा बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कर्मचारियों को इसके लिए विशेष निर्देश दिए। राजीव शर्मा ने कहा कि नवरात्र, दशहरा व दीपावली आमजन के लिए अति महत्व वाले मंगल पर्व हैं। उन्होंने कहा नवरात्र के विशेष दिनों में सभी प्रमुख मंदिरों के परिसर की नियमित सफाई तथा चूना छिड़कने का कार्य दशहरे तक निरंतर सुनिश्चित किया जाए। अधिशासी अधिकारी तथा अन्य कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए राजीव शर्मा ने कहा कि त्योहारी सीजन में कहीं मांस आदि की बिक्री न हो। इसके लिए रोज एक दस्ते को क्षेत्र में जांच के लिए भेजा जाए।

