रुड़की कचहरी में पार्किंग को लेकर दो पक्षों में लाठी डंडे चले, मची अफरा-तफरी, पुलिस ने चार लोगों को लिया हिरासत में

रुड़की । पुरानी कचहरी परिसर में वाहन पार्क करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट होती देख परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में पुरानी कचहरी है। दोपहर करीब दो बजे एक युवक वाहन पार्क कर काम से चला गया। इस बीच पार्किंग कर्मचारियों ने बाइक को उठाकर किनारे कर दिया। युवक कुछ देर बाद वापस आया तो वहां उसे बाइक नहीं मिली। आसपास के लोगों ने बताया कि बाइक को ठेकेदार कर्मचारी लेकर गए हैं। युवक अपने साथियों के साथ कर्मचारियों के पास पहुंचा। कर्मचारियों ने बताया कि नो पार्किंग में वाहन खड़ा होने पर वह उसे उठाकर ले गए थे। पार्किंग शुल्क के बाद वाहन मिलेगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी पर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट होते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कचहरी में किसानों के धरना प्रदर्शन होने के चलते पुलिस बल पहले से वहां मौजूद था। विवाद होता देख पुलिस मौके पर पहुंची। एसओजी और सीपीयू कार्यालय भी वहीं पर है। एसओजी और सीपीयू कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया। एसएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि वाहन पार्क करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *