चीनी मिल ने गन्ने का भुगतान, 57.59 करोड़ का चेक समितियों को भेजा गया

रुड़की । लक्सर चीनी मिल ने मार्च के शुरूआती बीस दिन में किसानों से खरीदे गए गन्ने का लगभग 57.59 करोड़ रुपये के भुगतान का चेक गन्ना समितियों को भेज दिया है। समितियां अगले पांच दिन के भीतर यह धनराशि आगे किसानों के खाते में ट्रांसफर करने की बात कह रही है।

लक्सर स्थित आरबीएनएस शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक (युनिट) एसपी सिंह ने बताया कि मिल प्रबंधन ने चालू पेराई सत्र में 28 फरवरी तक किसानों का जितना गन्ना खरीदा था, उसका भुगतान पहले किया जा चुका है। इसके बाद मिल ने 1 मार्च से 20 मार्च के बीच लगभग 16 लाख 22 हजार कुंतल गन्ने की खरीद की थी। शुक्रवार को मिल ने इसका कुल 57.59 करोड़ रुपये का भुगतान लक्सर, ज्वालापुर, इकबालपुर व लिब्बरहेड़ी गन्ना समितियों को भेज दिया। लक्सर गन्ना समिति के प्रभारी सचिव सूरजभान सिंह ने गन्ना भुगतान का चेक मिलने की पुष्टि की है। बताया कि चेक समिति के एकाउंट में जमा कराया जा रहा है। चैक की धनराशि समिति के खाते में अपडेट होने पर अगले पांच दिन के भीतर इसे आगे किसानो के बैंक एकाउंट में भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *