प्रधानों को अनाज बाली, अनानास, आईस्क्रीम, कोट, गेंद, घंटी, इमली, गले का हार, गेंद मिले चुनाव चिन्ह, मनचाहा चुनाव चिन्ह मिलने पर प्रत्याशी गदगद

भगवानपुर । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में किसी को अमरूद मिला तो किसी को आइसक्रीम। कोई इमली को लेकर खुशी जताते नजर आए तो कोई कैरमबोर्ड की गिट्टी के जरिए दूसरे को चुनाव मैदान में मात देने का प्रयास करने में लगे हुए हैं। कइयों ने मनचाहा चुनाव चिह्न न मिलने के कारण नाराजगी भी जताई। हालांकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी को हिन्दी वर्णमाला के अनुसार चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं। मंगलवार को भगवानपुर विकासखंड में त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इस दौरान सुबह से ही लोगों की भीड़ ब्लॉक मुख्यालय के पास लगे प्रचार सामग्री के स्टाल पर लगनी शुरू हो गई। सुबह दस बजे से चुनाव चिन्ह बांटने शुरू किए। भगवानपुर के निर्वाचन अधिकारी कृष्णा चौहान ने बताया कि प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न हिन्दी वर्णमाला के अनुसार वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधान पद के लिए निर्वाचन आयोग ने अनाज की बाली, अनानास, अमरूद, इमली, किताब, कैमरा, कैरमबोर्ड, गले का हार आदि चुनाव चिह्न आवंटित किए हैं। ग्राम चायत सदस्य के लिए आम, ओखली, अंगूर, केला, चकला बेलन, पपीता, सिल व बल्ला आदि शामिल हैं। वहीं ब्लॉक मुख्यालयों के बाहर सुबह से ही चुनाव प्रचार सामग्री बेचने वालों ने अपने स्टॉल सजा दिए थे। जैसे ही प्रत्याशी चुनाव निशान लेकर बाहर निकले तो ब्लॉक मुख्यालय के बाहर उन्होंने जमकर झंडे, बैनर, पोस्टर, पंपलेट, बिल्ले, स्टीकर आदि खरीदे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *