त्रिवेणी घाट पर कार गंगा में बहते-बहते बची, सैन्यकर्मी कोटद्वार से परिवार के साथ ऋषिकेश आया था घूमने

ऋषिकेश । त्रिवेणी घाट में एक कार मालिक ढालान पर गाड़ी पर खड़ी कर बाजार घूमने चला गया। लेकिन जल्दबाजी में कार मालिक गाड़ी का हैंड ब्रेक लगाना भूल गया। कुछ ही देर में गाड़ी ढलान पर सरकते हुए नदी में पहुंच गई। मौके पर मौजूद जल पुलिस ने कार को बाहर निकाला।शुक्रवार सुबह एक सैन्यकर्मी कोटद्वार से परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। कार मालिक ने गाड़ी को त्रिवेणी घाट पार्किंग में खड़ा किया। इसके बाद पत्नी और बच्चों सहित मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए निकल गया। कार मालिक गाड़ी को ढलान में खड़ा करने के बावजूद हैंड ब्रेक लगाना भूल गया था। कार मालिक के जाने के कुछ देर बाद गाड़ी सीधे खिसकते हुए त्रिवेणी से होते हुए गंगा में पहुंच गई। इस दौरान जल चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी विनोद सेमवाल, भीम सिंह नेगी, मातबर सिंह चौहान और हरीश गुसांई की नजर गाड़ी पर पड़ गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से गाड़ी को धक्का देकर नदी से बाहर निकाला। करीब एक घंटे बाद कार मालिक मौके पर पहुंचा। जल पुलिस ने जब उसको गाड़ी के नदी में गिरने की जानकारी दी तो वह भौचक्का रह गया। कार मालिक ने जल पुलिस का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *