टेलीकॉम कंपनी के फ्लेक्स बोर्ड के गिरने से ट्रैक्टर में लगी आग, कड़ी मशक्कत कर आग पर पाया काबू, टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारियों पर लगा लापरवाही का आरोप

रुड़की । टेलीकॉम कंपनी के फ्लेक्स बोर्ड के गिरने से ट्रैक्टर में आग लग गई। बिजली घर में फोन कर लाइन बंद कराई गई। जिसके बाद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर चौक के पास ट्रैक्टर एजेंसी है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे के आसपास दूसरी मंजिल से एक टेलीकॉम कंपनी का फ्लेक्स बोर्ड बिजली के वायर पर गिर गया और नीचे खड़े ट्रैक्टर से छू गया। जिसके बाद तेज आवाज हुई और ट्रैक्टर में आग लग गई। ट्रैक्टर में आग लगती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना बिजली घर को दी गई। जहां से लाइन बंद कराई गई। जिसके बाद लोगों ने हिम्मत कर ट्रैक्टर में लगी आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि कुछ मिनटों बाद लोगों ने ट्रैक्टर की आग को बुझा दिया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। ट्रैक्टर एजेंसी संचालक ने एक टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि फ्लेक्स बोर्ड को सही से नहीं बांधा गया था। जिस कारण हवा चलने पर बोर्ड हाई वोल्टेज लाइन पर गिरने के बाद ट्रैक्टर से टकराया है। वही टेलीकॉम कंपनी के कर्मचारी व अधिकारी भी आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इंस्पेक्टर प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि फ्लेक्स बोर्ड हाई वोल्टेज की लाइन पर गिरा था। जिसके बाद वह नीचे खड़े ट्रैक्टर से भी छू गया। जिस कारण हादसा हुआ है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *