ठुकरा दिए ₹25 लाख, लेकिन खाने में अंडा नहीं डाला, मास्टरशेफ की अरुणा विजय की लोग कर रहे सराहना
सोनी टीवी पर आने वाले रियलिटी शो ‘मास्टर शेफ इंडिया’ में एक जैन महिला ने अंडा वाली डिश बनाने से मना कर दिया। महिला ने 25 लाख रुपए की इनाम राशि को हारना स्वीकार किया, लेकिन अपने मूल्यो-सिद्धांतों एवं परंपराओं से समझौता नहीं किया। इस महिला का नाम है अरुणा विजय। इनकी आजकल खूब चर्चा हो रही है और लोग उनकी सराहना कर रहे हैं।
दरअसल, मास्टर शेफ इंडिया प्रोग्राम में देश भर के शेफ हिस्सा लेते हैं और तरह-तरह के पकवान बनाकर इस रियलिटी शो में अपनी कला का प्रदर्शन करते हैं। सबसे अच्छे शेफ को पुरस्कार भी दिया जाता है। पकवान क्या बनवाना है, यह रियलिटी शो के जज तय करते हैं। इसी शो में तमिलनाडु की जैन धर्म से ताल्लुक रखने वाली अरुणा विजय ने भी हिस्सा लिया था। अरुणा अपनी पाक कला की वजह से इस रियलिटी शो में टॉप-10 प्रतिभागियों में अपना स्थान बना लिया था। इसमें जो शख्स चुना जाता, उसे 25 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाता। अरुणा विजय को जो डिश दिया गया था, उसमें अंडा डालने को कहा गया। अरुणा ने इससे साफ मना कर दिया। उन्होंने 25 लाख रुपए की ईनामी दौड़ से पीछे रहने का फैसला किया। अरुणा के इस कदम पर मारवाड़ी और समाज गौरवान्वित हो रहा है।