बाइक सवार दंपति पर हमले करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, राजा ने सलमान को सबक सिखाने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी

मंगलौर । नारसन खुर्द में एक बाइक सवार दंपति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया। 21 अगस्त को नारसन खुर्द के पास दो नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार दंपति सलमान और उनकी पत्नी पर धारदार हथियार (बलकटी) से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। समीर निवासी लिब्बरहेड़ी और नौमान निवासी मोहल्ला झोझगान पुरकाजी को गिरफ्तार किया है। समीर के कब्जे से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। दोनों ने बताया कि सलमान की पुरकाजी निवासी राजा नामक व्यक्ति से पुरानी रंजिश थी।

इसके चलते राजा ने सलमान को सबक सिखाने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। कुछ अन्य युवकों के साथ मिलकर समीर और नौमान ने योजनाबद्ध तरीके से हमले को अंजाम दिया। घटना के दिन सलमान और उनकी पत्नी जब रुड़की से लौट रहे थे, तब नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला किया और फरार हो गए। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। राजा सहित अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *