कस्टडी से आरोपी फरार होने पर कांस्टेबल और फॉलोवर पर गिरी गाज, डीआईजी-एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने तत्काल प्रभाव से दोनों को निलंबित कर जांच बैठा दी
हरिद्वार । कनखल थाना कैंपस से दीवार फांदकर आरोपी के फरार होने के मामले में कांस्टेबल एवं फॉलोवर पर गाज गिरी है। डीआईजी-एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने तत्काल प्रभाव से दोनों को निलंबित कर जांच बैठा दी है। वहीं फरार हुए आरोपी के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कनखल पुलिस की चेकिंग के बाद भी आरोपी का पता नहीं चल सका है। रविवार देर रात मातृसदन आश्रम पुल के पास चाकू के साथ दबोचा गया शंकर निवासी बाराकुंडा थाना ओडा फरेदी, महेन्द्र नगर नेपाल हाल निवासी बैरागी कैंप सोमवार सुबह उस वक्त फरार हो गया था जब उसे खाना खिलाने के लिए मैस में ले जाया जा रहा था। आरोपी के दीवार फांदकर फरार होने की वारदात से कनखल पुलिस में हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में आला अफसर मौके पर पहंचे। नेपाली मूल का होने के चलते पुलिस ने कुमांऊ रेंज में भी अलर्ट जारी कर दिया था। दिन भर चली तलाश के बाद भी आरोपी शंकर हाथ नहीं आ सका था। डीआईजी-एसएसपी डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने आरोपी के फरार होने के मामले में लापरवाही बरतने पर थाना कार्यालय में तैनात कांस्टेबल भादूराम एवं फॉलोवर जितेंद्र पंत को निलंबित कर दिया। वहीं, दरोगा धन राम वर्मा की तरफ से आरोपी शंकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



