हरकी पैड़ी पर युवतियों की फोटो खींचने के आरोप में युवक की पिटाई, भीड़ ने युवक को पुलिस को सौंपा

हरिद्वार । हरकी पैड़ी घाट पर गंगा स्नान कर रही युवतियों की फोटो खींचने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने एक युवक की बुरी तरह पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस की जांच में युवक पर लगाए गए आरोप गलत पाए गए, जिसके बाद उसे जाने दिया गया। घटना मंगलवार सुबह की है। हरकी पैड़ी गंगा घाट पर कुछ लोगों ने एक युवक की पिटाई शुरू कर दी। आरोप लगाया कि युवक गंगा स्नान कर रही युवतियों की फोटो खींच रहा था। हंगामा होने पर भीड़ एकत्र हो गई। इधर, हंगामा होने की सूचना मिलने पर हरकी पैड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। भीड़ के चंगुल से युवक को छुड़वाकर पुलिस युवक को चौकी ले आई। पुलिस ने जब युवक का मोबाइल फोन चेक किया तब उसके मोबाइल फोन में किसी युवती की फोटो होने की बात सामने नहीं आई। हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज मुकेश थलेड़ी ने बताया कि कुछ लोगों ने युवतियों की फोटो खींचने के आरोप में युवक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा था लेकिन जांच में आरोप निराधार पाए गए। युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *