रुड़की ब्लाक में 1388 प्रत्याशी अलग-अलग पदों के लिए आजमा रहे भाग्य, चुनाव आवंटन होने के बाद प्रत्याशियों ने तेज किया प्रचार

रुड़की । पंचायत चुनाव को लेकर उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह मिल गए हैं। रुड़की ब्लाक में 1388 प्रत्याशी अलग-अलग पदों के लिए भाग्य आजमा रहे हैं। मंगलवार को चुनाव चिन्ह का आवंटन हुआ। ग्राम प्रधान पद के लिए उम्मीदवारों को अनाज की बालियां, अन्नानाश, आइस क्रीम, इमली, कार, किताब, कैमरा, कैरम बोर्ड, कोट, गले का हार आदि चुनाव चिन्ह मिले हैं। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए अनार, अंगूठी, ईंट, कटहल, कढ़ाई, कांच का गिलास, कांटा, खीरा, गुड़िया, हॉकी और गेंद, चकला बेलन, चिड़िया का घोंसला, जग, जीप आदि चुनाव चिन्ह मिले हैं। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सदस्य के लिए आम, ओखली, अंगूर, केला, गैस सिलेंडर, घड़ा के निशान दिए गए हैं। चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ ही अब देहात क्षेत्र में चुनावी शंखनाद हो चुका हैं। चुनाव चिन्ह लेने के लिए उम्मीदवार सुबह दस बजे से ही ब्लॉक मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गए थे। प्रत्याशी काउंटर खुलने से पहले ही लाइन में लगना शुरू हो गए। निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह धामी ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए दाखिल हुए नामांकन पत्रों की जांच तथा नाम वापसी के बाद 1388 नामांकन वैध पाए गए थे। सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *