कलियर: बाजुहेड़ी गांव में आपसी विवाद के दौरान प्रधान पति ने अपने सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारी, आरोपी मौके से फरार
रुड़की। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में बृहस्पतिवार देर रात को आपसी विवाद के दौरान प्रधान पति ने अपने सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने से घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार बाजुहेड़ी गांव में प्रधान पति किशोर सैनी और उसके भाइयों के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चला आ रहा है। बृहस्पतिवार रात को किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से भाई राजेश उर्फ राजू सैनी (50) पर गोली चला दी।
गोली लगने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर सीओ सुमित पांडेय और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घायल को उपचार के लिए रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


