प्रदीप बत्रा को राजनीतिक तौर पर काफी मजबूत कर गए सीएम धामी, वर्ष 2022 के चुनाव को लेकर इधर-उधर की बातें करने वालों को नहीं दी तवज्जो

रुड़की । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा को राजनीतिक तौर पर आज काफी मजबूत कर गए हैं। मुख्यमंत्री रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा के प्रस्ताव पर काफी विकास योजनाओं और कार्यक्रमों को आज हरी झंडी दे गए और बाद में दीपावली के तोहफे के रुप में बहुत कुछ देने के संकेत दे गए। राजनीति के जानकारों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी साफ कर गए की विधायक प्रदीप बत्रा ही रुड़की के हीरो हैं।उनके नेतृत्व में ही भाजपा रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाएगी। इसीलिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2022 के चुनाव को लेकर इधर-उधर की बातें करने वाले को जरा भी तवज्जो नहीं दी है। शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों के अलावा नेहरू स्टेडियम में आयोजित जनसभा पूरी तरह विधायक प्रदीप बत्रा के अनुसार ही हुई। हालांकि विधायक प्रदीप बत्रा के द्वारा रुड़की को जिला बनाए जाने की मांग को मुख्यमंत्री ने फिलहाल होल्ड पर रखा। साथ ही सीएम धामी अपने अंदाज में आश्वस्त कर गए कि यदि राज्य में और जिले बनेंगे तो निश्चित रूप से रुड़की का नंबर भी आएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक प्रदीप बत्रा को मंच पर अपने बगल में बैठाया और उनसे विभिन्न मुद्दों पर बतियाते रहे। मंच पर स्वागत करने पहुंचे लोगों को भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक प्रदीप बत्रा के अनुरूप ही वेटेज दिया और किंतु परंतु करने वाले कुछेक नेताओं को उन्होंने पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। जिससे कि विधायक प्रदीप बत्रा और निष्ठावान भाजपाई उत्साह से पूरी तरह लबरेज रहे जगह-जगह स्वागत होने पर मुख्यमंत्री खुद भी गदगद नजर आए। उन्होंने अपने भाषण में कहा भी कि जिस तरह से विधायक प्रदीप बत्रा के नेतृत्व में उनका पूरी रुड़की में जगह-जगह स्वागत हुआ है। उससे वह अभिभूत है और इतना अधिक सम्मान मिलने पर भावुक हो गए हैं। स्वागत और सम्मान पर मुख्यमंत्री ने रुड़कीवासियों का आभार भी जताया है और कहा है कि जिस तरह से जनता ने वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा को एकतरफा जीत दी थी वर्ष 2022 के चुनाव में उससे भी बढ़कर जीत दिलानी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बार-बार भारत माता के लाल कहकर संबोधित किया और कहा है कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र और समाज मजबूत हो रहा है। वह दिन दूर नहीं जब भारत दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति के रूप में स्थापित होगा। मुख्यमंत्री का भाषण युवाओं और महिलाओं पर केंद्रित रहा । इस बीच उन्होंने बड़े बुजुर्गों का बार-बार आशीर्वाद प्राप्त किया और कहा है कि आज पूरे देश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।जिससे कि राष्ट्र मर्द और शक्तिशाली हो रहा है। राष्ट्रवाद को मजबूती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *