दूध से भरे वाहन और मारुति कार की टक्कर, हादसे में आठ लोग घायल, भगवानपुर इमलीखेड़ा मार्ग पर स्थित दरियापुर गांव के समीप हुई भिड़ंत
भगवानपुर । भगवानपुर-इमलीखेड़ा मार्ग पर दूध से भरे वाहन और मारुति कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में आठ व्यक्ति घायल हो गए। घायलों में राजकीय इंटर कालेज की तीन शिक्षिकाएं भी शामिल हैं। पुलिस और आसपास के लोगों ने घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। बुधवार को एक मारुति कार हरिद्वार की ओर से आ रही थी। जबकि दूध से भरा वाहन हरिद्वार की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों वाहन इमलीखेड़ा भगवानपुर मार्ग पर दरियापुर गांव के समीप पहुंचे तो उनकी आपस में भिड़ंत हो गई। वाहनों के आपस में टकराने के साथ ही यहां पर जाम लग गया। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। कार सवार चालक हिमांशु शर्मा, अध्यापिका रीना देवी, रेनू खंडूड़ी और रचना कुंडू घायल हो गईं। सभी को राजकीय इंटर कालेज खेड़ी शिकोहपुर पहुंचना था। इसके अलावा दूध से भरे वाहन का चालक अब्दुल करीम भी घायल हो गया। घायलों की चीख पुकार सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को 108 की मदद से रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर दो की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी आमिर खान ने बताया कि दो गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई थी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दूसरी और इमलीखेड़ा मार्ग पर दो बाइक सवार आपस में टकरा गए। जिसमें तेजपाल निवासी महिकोटा थाना नागल जिला सहारनपुर और मिथुन निवासी तेलीवाला घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।

