बदमाशों की गोली से घायल मनी ट्रांसफर सेंटर संचालक की मौत, 16 सितंबर को डकैती के दौरान बदमाशों की मारी थीं गोली
हरिद्वार । सिडकुल थाना क्षेत्र की इंद्रलोक आवासीय कॉलोनी में चौदह दिन पहले डकैती के दौरान बदमाशों की गोली से घायल मनी ट्रांसफर सेंटर के संचालक स्वजपाल की इलाज के दौरान एम्स में मौत हो गई। पुलिस ने 307 की धारा को हत्या और लूट की धारा में तब्दील कर लिया है। पुलिस डकैती के पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है जबकि तीन बदमाश फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। बीते 16 सितंबर की रात रावली महदूद की चौहान मार्केट में नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने पैदल चल रहे मनी ट्रांसफर संचालक स्वजपाल से नोटों से भरा बैग लूट कर सिर में गोली मार दी थी। बदमाश नोटों से भरा बैग लेकर भाग निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया था। यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। 14 दिन चले इलाज के बाद मंगलवार रात एम्स ऋषिकेश दम तोड़ दिया। सिडकुल थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल ने बताया कि स्वजपाल की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले में आठ लोगों के नाम सामने आए थे। पांच लोगो को पुलिस मामले में पहले ही जेल भेज चुकी है। तीन आरोपियों की तलाश में उनके घरों और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

