रास्ते में रेत डालने को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, दो लोग गंभीर रूप से घायल, पांच के खिलाफ केस दर्ज
हरिद्वार । ज्वालापुर में रास्ते में रेत डालने को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी, डंड़ों से हमला कर दिया। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां से उनकी हालत को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया गया है। ये पूरा मामला सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गया। पुलिस ने हमला करने वाले पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक नईम निवासी मोहल्ला घोसियान के घर के पास उसके पड़ोसी मेहरबान ने रेत डाल रखा था। जिसके चलते घर में आने-जाने में परेशानी हो रही थी। तीन अक्तूबर को नईम के भाई अब्दुल सलाम ने जैसे ही रेत हटाने के लिए उन्हें कहा तो उन्होंने रेत नहीं हटाई। इसके बाद पांच अक्तूबर की दोपहर करीब 12 बजे अब्दुल सलाम घर से बाहर आया तो पहले से ही हमला करने की फिराक में बैठे मेहरबान, सोनू, शादाब, आरिफ और सत्तार ने लाठी डंडों, सरिये से उन पर हमला बोल दिया। विवाद के दौरान शोर शराबे की आवाज सुन दूसरा भाई अब्दुल रहीम और भतीजा अब्दुल शमी भी आ गए। हमलावरों ने इन पर लाठी, डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि घर में मौजूद महिला जुलैखा, गुलजारी के साथ भी मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिए। मारपीट में अब्दुल सलाम के हाथ की हड्डी टूट गई। जबकि सिर और पूरे शरीर में भी कई जगह चोटे लगी हैं। अब्दुल शमी के सिर और शरीर पर गंभीर चोट आई है। दोनों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि आरोपी मेहरबान, सोनू, शादाब, आरिफ, सत्तार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

