भ्रष्टाचार निरोधक इकाई के इंस्पेक्टर की मौत, ब्रश करते समय खून की उल्टी होने के साथ गिर पड़े थे, मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी हैं इंस्पेक्टर
देहरादून / बरेली । जिले की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई में तैनात इंस्पेक्टर की शुक्रवार सुबह राजेंद्र नगर स्थित घर में खून की उल्टी होने के बाद मौत हो गई। इंस्पेक्टर मूल रूप से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर निवासी थे। करीब पंद्रह दिन पहले उनका तबादला अमरोहा से बरेली हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, जिसके बाद आगामी जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। दरअसल, मूल रूप से उत्तराखंड में उधमसिंह नगर जिले के प्रतापपुर गांव निवासी श्रीकृष्ण यादव यूपी पुलिस में बतौर इंस्पेक्टर थे। अमरोहा से तबादला होने के बाद करीब 15 दिन पहले ही उन्होंने जिले की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (एंटी करप्शन ब्यूरो) में तैनाती हुई थी। राजेंद्र नगर में वह किराए के मकान में पत्नी गंगा देवी और बेटी के साथ रह रहे थे। पत्नी बताती हैं कि शुक्रवार सुबह घर के बाथरूम में ब्रश करने के लिए गए, यहां अचानक उनके गिरने की आवाज आई। दौड़कर अंदर पहुंची तो देखा कि बेसुध पति जमीन पर पड़े हैं और मुंह से खून की उल्टी हुई है। आनन-फानन निजी अस्पताल ले गए, यहां श्रीकृष्ण यादव को मृत घोषित कर दिया। मृतक इंस्पेक्टर श्रीकृष्ण यादव के स्वजन बताते हैं कि पिछले काफी समय से किडनी संबंधी समस्या थी। इस वजह से दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि गुरुवार रात तबीयत ठीक थी। सुबह श्रीकृष्ण यादव टहलने भी गए थे। लौटकर आने के बाद भी किसी तरह की शिकायत नहीं थी। ब्रश करने के बाद अचानक यह हादसा हुआ। प्रेमनगर इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में श्रीकृष्ण यादव की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जिसके बाद बिसरा सुरक्षित रख लिया है। इसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।

