यमुनोत्री हाईवे पर मलबा आने से यातायात ठप, एनएच टीम हाईवे को बहाल करने में जुटी, चारधाम रूट पर बदरीनाथ, केदारनाथ सहित गंगोत्री नेशनल हाईवे यात्रियों के लिए खुला
देहरादून । उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे देर शाम किसाला के पास मलबा आने से यातायात ठप हो गया। हालांकि, राहत की बात है कि चारधाम रूट पर बदरीनाथ, केदारनाथ सहित गंगोत्री नेशनल हाईवे यात्रियों के लिए खुला हुआ है। ऋषिकेश-यमुनोत्री रूट पर एनएच बड़कोट की मशीनरी मौके पर पहुंचकर हाईवे को बहाल करने में जुटी हुई है। इस बीच मार्ग के दोनों ओर यात्री जाम में फंसे हुए हैं। रविवार को देर शाम करीब 6:00 बजे यमुनोत्री हाईवे पर किसाला के समीप भारी मात्रा में मलवा आ गिरा। इसके चलते हाईवे यातायात के लिए बंद हो गया। सूचना पाकर एनएच बड़कोट की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और हाईवे को यातायात के लिए बहाल करने में जुट गई। देर शाम तक यमुनोत्री हाईवे यातायात के लिए बहाल नहीं हो सका है। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में यात्री जाम में फंसे हुए हैं। विभागीय अधिकारियों की मानें तो भारी बरसात के बाद अगर किसी भी जगह भूस्खलन से हाईवे सहित सड़कें बंद होती हैं तो उसे तुरंत ही खाेल दिया जाएगा। कहा कि किसी भी सूरत में चारधाम जा रहे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बताया कि बदरीनाथ-केदारनाथ सहित चारधाम को जा रहे श्रद्धालुओं को मौसम सहित हाईवे की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि तीर्थ यात्रियों को किसी भी तरह की कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

