शिक्षा के क्षेत्र में आर्य समाज का विशेष योगदान: स्वामी यतीश्वरानंद, कटारपुर में डीपीएस फेरूपुर की नींव रखी गई

हरिद्वार । हरिद्वार जिले के ग्रामीण क्षेत्र कटारपुर में सोमवार को डीपीएस फेरूपुर की नींव रखी गई। भूमि पूजन में मुख्य अतिथि ग्रामीण विकास एवं गन्ना मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद रहे। भूमि पूजन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस डीपीएस के खुलने से क्षेत्र का शैक्षिक रूप से विकास होगा और यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मनुष्य को संस्कारवान और सभ्य बनाती है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान दिया है। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय और आर्य समाज का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने आजादी से पहले हरिद्वार तीर्थनगरी में उच्च शिक्षा के लिए गुरुकुल की स्थापना की थी। इस अवसर पर डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ.अनुपम जग्गा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में डीपीएस खुलने से क्षेत्र का शैक्षिक विकास और तेजी से होगा। डीपीएस फेरूपुर सोसाइटी के चेयरमैन डॉ.राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में हम लोगों ने डीपीएस की स्थापना करने का बीड़ा इस क्षेत्र के शैक्षिक विकास के लिए उठाया है। हम जन आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे। सोसायटी के सचिव अशोक त्रिपाठी ने कहा कि डीपीएस के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का प्रचार प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 30 बीघा भूमि पर डीपीएस फेरूपुर खोला जा रहा है, जो 2022 में शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, पूर्व दर्जाधारी विमल कुमार, प्रो. दिनेश चंद्र भट्ट, लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष अमरीश गर्ग, गंगा सभा के पूर्व अध्यक्ष राम कुमार मिश्रा, प्रेम त्रिपाठी, एसडीएम पूरण सिंह राणा, ज्योतिषाचार्य प्रतीक मिश्र पुरी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *