गंगा में तैरता मिला रिक्शा चालक का शव, कुछ युवकों द्वारा रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या की आशंका, पुलिस कथित तीन आरोपियों की तलाश में जुट गई

हरिद्वार । रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के ठीक पीछे एक रिक्शा चालक का शव गंगा में तैरता हुआ मिला। अंदेशा जताया जा रहा है कि कुछ युवकों ने रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या की है। अब पुलिस कथित तीन आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इधर मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।रविवार को पुलिस को गंगा में तैर रहे शव की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी राकेंद्र सिंह कठैत, एसएसआई अरविंद रतूड़ी, चौकी प्रभारी अंशुल अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। पूछताछ में मिली जानकारी के मुताबिक मृतक करीब 30 वर्षीय साइकिल रिक्सा चालक था। दोपहर को अमित, बाबू एवं हरि नामक युवक उसे पीट रहे थे। बताया जा रहा है कि रिक्सा चोरी का आरोप लगाते हुए युवकों ने मृतक की पिटाई की थी। सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण साफ हो सकेगा। शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *