हरिद्वार में नाले में मिला पौड़ी गढ़वाल के युवक का शव, ससुराल आया था मृतक

हरिद्वार । ससुराल आए पौड़ी गढ़वाल के युवक का शव भगत सिंह चौक से फलांग भर की दूरी पर स्थित नाले में मिला। पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया दिमागी रुप से बीमार चल रहे युवक की नाले में गिरने से मौत हुई होगी।

दो दिन पूर्व सुभाषनगर निवासी महिला रजनी ने गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया था कि उसका दामाद आनंदमणि (38) पुत्र बुद्धीराम निवासी गवाणी चौबट्टाखाल सतपुली पौड़ी गढ़वाल एक मांगलिक कार्यक्रम में शरीक होने आया था। 14 मार्च को उसका दामाद बिना बताए कहीं चला गया था। उन्होंने समझा कि दामाद अपने घर पहुंच गया हो। लेकिन वहां न पहुंचने पर पुलिस को सूचना दी। इधर, पुलिस तलाश में जुटी थी कि विनायक होटल के ठीक सामने नाले में एक शव मिला। ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन ने उसकी पहचान आनंदमणि के रुप में की। एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि युवक की दिमागी हालत ठीक नहीं बताई गई है। जिसकी वजह से ही वह घर से चला आया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *