कलियर के मेहवड़ खुर्द में लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद, एसएसपी ने टीम को 2500 रुपये इनाम देने की घोषणा की
हरिद्वार । देर रात हरिद्वार नगर क्षेत्र के सभी थानों को सूचना मिली कि करीब 1 बजे कलियर क्षेत्र स्थित मेंहड़ पुल से एक बुलेट सवार तीन लड़कों ने एक अन्य व्यक्ति से उसकी बुलेट, एक मोबाइल फोन व कुछ पैसे लूट लिए हैं तथा घटना को अंजाम देकर आरोपी नगर क्षेत्र की और भागे हैं। उक्त जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा एस.पी सिटी को सघन जांच के आदेश दिए गए। इसके बाद नगर क्षेत्र के समस्त थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में टीम बनाकर सघन चैकिंग कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया। इसी दौरान सिडकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत रात पौने दो बजे महिंद्रा चौक पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने दो बुलेटों पर सवार व्यक्तियों को आते देखा। पुलिस टीम ने उनको जैसे ही रुकने का इशारा किया वो वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस की तत्परता से तीनों की धरपकड़ की गई तथा उनके पास से लूटी गई बुलेट, एक मोबाइल फ़ोन व 300 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त बुलेट बरामद की गई। आरोपियों में से दो जिला मुज़फ्फरनगर व एक जिला बिजनौर का रहने वाला है। तीनों वर्तमान में सिडकुल से सटे इलाकों में रह रहे हैं। उधर, पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को पकड़ने में तत्परता बरतने पर एसएसपी ने टीम को 2500 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

