पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, झाड़ियों में छिपा था चौथा बदमाश, डकैती के मामले में फरार चार आरोपियों की तलाश में हरिद्वार पहुंची थी टीम

हरिद्वार । डकैती के मामले में फरार चार आरोपियों की तलाश में हरिद्वार पहुंची फरीदाबाद क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और बदमाश को पकड़ लिया है। आरोपी को शुक्रवार तड़के हरकी पैड़ी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी को तड़के चार बजे हरकी पैड़ी के पास रोड़ी बेलवाला से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी यहां झाड़ियों में छिपा था। बताया गया कि गुरुवार रात को पुलिस ने सर्च अभियान चलाया तो उक्त आरोपी पुल से गंगा में कूद गया था। उसके पीछे कुछ स्थानीय लोग भी गंगा में कूद गए थे, लेकिन रात को वह पकड़ में नहीं आ पाया था। हरियाणा के फरीदाबाद में कुछ समय पहले बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। बदमाशों की लोकेशन हरिद्वार में मिलने पर गुरुवार को क्राइम ब्रांच के आठ पुलिसकर्मियों की टीम यहां पहुंच गई। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे टीम ने बदमाशों को पंतदीप पार्किंग के पास ट्रेस कर लिया। क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर चारों बदमाशों को दबोच लिया। इसी बीच अचानक एक बदमाश ने जुराब से पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। एक गोली क्राइम ब्रांच के सिपाही एवं चालक संदीप (38) की कनपटी में जा लगी। आननफानन उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *