बहादराबाद पुलिस ने एक युवक को 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया
बहादराबाद। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस ने बुधवार को एक युवक को 50 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम पुलिस टीम क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस जब लोहे के पुल के पास पहुंची तो ज्वालापुर की ओर नहर पटरी स्थित हैंडपंप के निकट एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने उसका पीछा कर कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के कंधे पर लटके पिट्ठू बैग से दो गत्ते के पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर पैकेटों में कुल 50 नशीले इंजेक्शन मिले। बरामद इंजेक्शनों को कब्जे में लेकर आरोपी को कोतवाली बहादराबाद लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राव रिहान निवासी बढ़ेड़ी राजपूतान बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अकरम नामक व्यक्ति से इंजेक्शन खरीदकर लाया था और उन्हें सिडकुल क्षेत्र में बेचने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


